महासमुंद(जीतयादव)। जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिटी कोतवाली महासमुंद पुलिस ने जुआ खेलने वालों पर कार्रवाई करते हुए पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 61 हजार 950 रुपये नकद और 52 पत्ती ताश जब्त किया है।
सिटी कोतवाली क्षेत्र के मोहरीभाठा जुआ में रेड, 61,950 रुपये और ताश की गड्डी जब्त।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के मोहरीभाठा में कुछ लोगों के द्वारा जुआ खेलने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर रेड कार्रवाई की। पुलिस को देखकर वहां मौजूद लोग भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर पांच लोगों को पकड़ लिया।

मौके पर जांच करने पर पाया गया कि सभी आरोपी आपस में ताश के पत्तों से दांव लगाकर जुआ खेल रहे थे। पुलिस ने उनके पास से 61,950 रुपये नगद, ताश की गड्डी और जुआ खेलने में इस्तेमाल की जा रही अन्य सामग्री जब्त की है।

पुलिस ने सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर विधिवत कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है, वहीं पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इलाके में कहीं और इस तरह की अवैध गतिविधियां तो नहीं चल रही थीं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध, सट्टा और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। ऐसे मामलों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनी रहे।
पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि उनके आसपास कहीं भी जुआ, सट्टा या अन्य अवैध गतिविधियों की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।



