बसना।संकुल केंद्र जमदरहा के अंतर्गत शासकीय प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय पुरुषोत्तमपुर में छत्तीसगढ़ शासन की न्योता भोज योजना के तहत प्रेरणादायक आयोजन संपन्न हुआ। ग्राम पुरुषोत्तमपुर निवासी टिकेश्वर साहू द्वारा अपने पिता जी के दशकर्म अवसर पर विद्यालय के बच्चों को न्योता भोजन कराया गया।

न्योता भोज में बच्चों को मिला अतिरिक्त पोषण और खुशी का उपहार
इस अवसर पर विद्यालय में अध्ययनरत सभी बच्चों को भात, दाल, सब्जी, चटनी एवं मिठाई परोसी गई। बच्चों ने प्रसन्नता के साथ भोज ग्रहण किया। न्योता भोजन के माध्यम से बच्चों को अतिरिक्त पोषण मिला, जिससे उनका उत्साह भी देखने योग्य रहा।

गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ शासन की न्योता भोज योजना एक सामुदायिक सहभागिता पर आधारित पहल है। इसके अंतर्गत कोई भी व्यक्ति अपने पारिवारिक या सामाजिक अवसरों पर शासकीय विद्यालयों के बच्चों को अतिरिक्त पौष्टिक भोजन उपलब्ध करा सकता है। यह योजना मध्याह्न भोजन का पूरक है, न कि उसका विकल्प, और इसका उद्देश्य बच्चों के पोषण स्तर में सुधार के साथ समाज को शिक्षा से जोड़ना है।

इस सराहनीय पहल में विकासखंड शिक्षा अधिकारी बद्री विशाल जोल्हे, विकासखंड स्रोत समन्वयक अनिल सिंह साव, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी लोकेश्वर कंवर, समन्वयक डिजेंद्र कुर्रे, नोडल प्राचार्य उत्तर कुमार चौधरी, शिक्षक गंगाधर प्रसाद द्विवेदी, रूपलता कुर्रे, मनोज नायक सहित ग्रामवासी मनोज भोई, निरंजन साहू, सुरेश साहू, तरुण साहू, आत्माराम सिदार, हीरामन साव, परदेशी, रमेश भोई, भारत सिदार, प्यारी निषाद एवं अन्य ग्रामीणों ने टिकेश्वर साहू को बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।




