सरायपाली(जीतयादव)। शासकीय प्राथमिक शाला मुंधा में नेवता भोज का आयोजन शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के अध्यक्ष श्री जगतराम श्रीवास की पुत्री के जन्मदिवस के पावन अवसर पर उनके परिवार द्वारा स्नेहपूर्ण किया गया। उनकी पुत्री विद्यालय की कक्षा चौथी की छात्रा हैं, जिनके जन्मदिन को विद्यालय परिवार ने सामूहिक रूप से उत्साह और आत्मीयता के साथ मनाया।
नेवता भोज में बच्चों को केला, बूंदी, मिक्चर और चॉकलेट का किया गया वितरण।
नेवता भोज के पावन अवसर पर विद्यालय में अध्ययनरत सभी विद्यार्थियों तथा उपस्थितजनों को केला, मिक्चर, बूंदी एवं चॉकलेट प्रेमपूर्वक वितरित की गई। बच्चों के चेहरे पर खुशी और उत्साह साफ नजर आ रहा था। छोटे-छोटे बच्चों ने इस स्नेहपूर्ण आयोजन का भरपूर आनंद लिया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की प्रधान पाठक श्रीमती शीला बिस्वास ने छात्रा को जन्मदिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से बच्चों में अपनापन, आत्मविश्वास और सामाजिक मूल्यों का विकास होता है। उन्होंने छात्रा के परिवार की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालय के साथ जुड़कर इस तरह का आयोजन करना समुदाय और शिक्षा के बीच मजबूत संबंध को दर्शाता है।

शिक्षकों ने भी बच्चों को जीवन में अच्छे संस्कार अपनाने और पढ़ाई के साथ-साथ सामाजिक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। वहीं विद्यार्थियों ने गीत-संगीत और आपसी बातचीत के माध्यम से इस पल को यादगार बना दिया।
यह नेवता भोज केवल जन्मदिवस का आयोजन नहीं था, बल्कि यह विद्यालय एवं समाज के बीच सहयोग, सौहार्द और सकारात्मक सोच का सुंदर उदाहरण बनकर सामने आया। ऐसे आयोजनों से बच्चों में न सिर्फ खुशी आती है, बल्कि उन्हें जीवन में साझा करना और दूसरों के साथ मिलकर खुशियां मनाना भी सीखने को मिलता है।




