सरायपाली(जीतयादव)।विकासखंड सरायपाली की विभिन्न शासकीय शालाओं में नेवता भोज का आयोजन पीएम पोषण योजना के अंतर्गत बच्चों को स्वादिष्ट, पौष्टिक एवं संतुलित भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किया गया। इस पहल के माध्यम से न केवल बच्चों को बेहतर भोजन मिला, बल्कि समाज से भी विद्यालयों के प्रति सकारात्मक सहयोग देखने को मिला।
पीएम पोषण योजना के तहत जन्मदिवस एवं पारिवारिक खुशी पर कराया गया विशेष नेवता भोज।
विकासखंड शिक्षा अधिकारी टी.सी. पटेल एवं बीआरसी देवानंद नायक के मार्गदर्शन में शासकीय प्राथमिक शाला खम्हारपाली में शाला प्रबंधन समिति के शिक्षाविद शैलेन्द्र साहू द्वारा अपनी सुपुत्री कु. वर्षा साहू के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में नेवता भोज कराया गया। इस अवसर पर बच्चों को चावल, दाल, मिक्स सब्जी, टमाटर चटनी, पापड़ एवं मीठा परोसा गया। सभी शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने वर्षा के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए शुभकामनाएं दीं।

इसी प्रकार शासकीय प्राथमिक शाला केन्दुमुड़ी में सहायक शिक्षक बसंत कुमार पटेल ने अपने पोते के जन्म की खुशी में विद्यार्थियों को नेवता भोज कराया। भोज में चावल, दाल, मिक्स सब्जी, पापड़ एवं मीठा दिया गया। इस अवसर पर प्रधान पाठक नकुल चौहान, शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के सदस्य तथा रसोइया उपस्थित रहे।

वहीं शासकीय उच्च प्राथमिक शाला खपरीडीह में पदस्थ शिक्षक अनिल कुमार चौधरी ने अपने सुपुत्र पार्थ चौधरी के जन्मदिवस पर विद्यार्थियों को नेवता भोज कराया। बच्चों को चावल, दाल, मटर पनीर, पापड़ एवं मीठा परोसा गया। कार्यक्रम में प्रधान पाठक द्वय, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं रसोइया मौजूद रहे।
नेवता भोज से बच्चों में उत्साह देखने को मिला और सभी ने स्वादिष्ट भोजन का आनंद लिया। शाला परिवार की ओर से आयोजकों को हार्दिक धन्यवाद देते हुए कहा गया कि इस तरह के आयोजनों से बच्चों को पोषण के साथ-साथ सामाजिक संस्कार भी मिलते हैं, जो उनके सर्वांगीण विकास में सहायक सिद्ध होते हैं।




