महासमुंद(जीतयादव)। कलेक्ट्रेट परिसर के पास बोलेरो वाहन का शीशा तोड़कर 3 लाख रुपये चोरी करने के करीब डेढ़ साल पुराने मामले में महासमुंद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अंतरराज्यीय आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से 2 लाख रुपये नगद बरामद किए हैं।
कलेक्ट्रेट के पास कार का शीशा तोड़कर 3 लाख चोरी का मामला, आरोपी से 2 लाख रुपये बरामद।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 14 नवंबर 2024 को द्रोण कुमार चंद्राकर (49 वर्ष), निवासी बावनकेरा थाना पटेवा ने थाना महासमुंद में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि कलेक्ट्रेट परिसर में समाज कल्याण विभाग के सामने खड़ी उनकी कार का शीशा तोड़कर डिक्की में रखे 3 लाख रुपये अज्ञात चोर द्वारा चोरी कर लिए गए थे। इस मामले में थाना महासमुंद में अपराध क्रमांक 546/2024 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच की जा रही थी।

करीब एक साल चार महीने बाद 22 मार्च 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि सीसीटीवी फुटेज में दिखने वाले संदिग्ध से मिलता-जुलता व्यक्ति महासमुंद रेलवे स्टेशन के पास संदिग्ध अवस्था में घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ लिया।
पूछताछ में युवक ने अपना नाम आकाश प्रधान (23 वर्ष), निवासी ग्राम दसमनिया थाना जोखापुरा जिला जाजपुर, ओडिशा बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से 500 रुपये के 400 नोट यानी कुल 2 लाख रुपये नगद बरामद किए गए।

कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने वर्ष 2024 में महासमुंद कलेक्ट्रेट परिसर के पास कार का शीशा तोड़कर 3 लाख रुपये चोरी करने की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।पुलिस के अनुसार आरोपी अंतरराज्यीय गिरोह से जुड़ा हो सकता है और उससे पूछताछ में अन्य आपराधिक मामलों के भी खुलासे होने की संभावना है।यह पूरी कार्रवाई थाना महासमुंद पुलिस और साइबर थाना स्टाफ की संयुक्त टीम द्वारा की गई।



