सरायपाली(जीतयादव)।तहसील सरायपाली अंतर्गत ग्राम चिवराकूटा में राजस्व विभाग की टीम ने अवैध धान परिवहन के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए ओड़िशा से आ रहे दो पिकअप वाहनों को जब्त किया है। दोनों वाहनों में अवैध रूप से धान का परिवहन किया जा रहा था।

राजस्व टीम द्वारा की गई जांच के दौरान वाहन चालकों से अवैध धान परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेजों की मांग की गई, लेकिन वे कोई भी आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इस पर टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए धान से लदे दोनों पिकअप वाहनों को मौके पर ही जब्त कर लिया।
अवैध धान से भरे वाहन राजस्व टीम की सतर्कता से ग्राम चिवराकूटा में पकड़े गए।
जब्ती के बाद राजस्व विभाग ने मामले की सूचना थाना सिंघोड़ा को दी, जहां आगे की कानूनी प्रक्रिया प्रारंभ की गई है। जब्त किए गए वाहन और धान को थाना परिसर में सुरक्षित रखा गया है।

प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि जिले में अवैध धान परिवहन, खरीदी एवं भंडारण के मामलों पर सख्ती से नजर रखी जा रही है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। राजस्व विभाग की इस सतर्कता से अवैध धान कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।





