महासमुंद(जीतयादव)।जिले में अवैध धान परिवहन, खरीदी एवं भंडारण पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा लगातार सघन निरीक्षण एवं कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार गठित संयुक्त टीम ने बागबाहरा विकासखंड में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग प्रकरणों में कुल 1100 कट्टा धान जब्त किया है।

यह कार्रवाई बागबाहरा अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) श्रीमती नमिता मारकोले के नेतृत्व में की गई। निरीक्षण के दौरान ग्राम टेमरी में अवैध रूप से धान का परिवहन करते हुए एक वाहन को पकड़ा गया। जांच में वाहन से 300 कट्टा धान बरामद किया गया, लेकिन संबंधित व्यक्ति द्वारा धान से जुड़े वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इसके बाद राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर धान को जब्त कर मंडी समिति के सुपुर्द किया तथा नियमानुसार आगे की कार्रवाई प्रारंभ की गई।
अवैध धान परिवहन पर कलेक्टर के निर्देश में संयुक्त टीम की छापेमारी
इसी क्रम में एक अन्य कार्रवाई में सिद्ध ट्रेडर्स, कोमाखान के प्रोपराइटर आशीष जैन के ग्राम मौलीमुड़ा नवाडीह स्थित गोदाम का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान गोदाम में 800 कट्टा अवैध धान का भंडारण पाया गया। संबंधित पक्ष द्वारा संतोषजनक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए धान को जब्त कर मंडी समिति के सुपुर्द किया गया एवं प्रकरण दर्ज किया गया।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध धान खरीदी, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ बिना किसी भेदभाव के कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने व्यापारियों एवं किसानों से शासन के नियमों का पालन करने की अपील की है।




