रायगढ़(जीतयादव)। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई के बीच अफीम की खेती का एक और बड़ा मामला सामने आया है। तमनार क्षेत्र में हाल ही में हुई कार्रवाई के बाद अब लैलूंगा क्षेत्र के ग्राम घटगांव में अफीम की अवैध खेती मिलने से प्रशासन में हड़कंप मच गया है।
तमनार के बाद अब लैलूंगा के घटगांव में तीन खेतों में मिली अफीम की फसल।
सूत्रों के अनुसार ग्राम घटगांव के तीन अलग-अलग खेतों में अफीम की फसल उगाई जा रही थी। मामले की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची। कार्रवाई के दौरान साधराम नागवंशी और अभिमन्यु नागवंशी को हिरासत में लिया गया है। मौके पर एसडीओपी सहित एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम भी जांच के लिए पहुंची।

बताया जा रहा है कि इस अवैध खेती का खुलासा भाजपा नेता रवि भगत ने किया। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से घटगांव में अफीम की फसल होने की जानकारी सार्वजनिक की, जिसके बाद प्रशासनिक अमले में हलचल मच गई और तत्काल जांच शुरू की गई।

गौरतलब है कि महज तीन दिन पहले तमनार थाना क्षेत्र के आमघाट में भी बड़े पैमाने पर मामला सामने आया था। एक ही सप्ताह में जिले के दो अलग-अलग क्षेत्रों में अफीम की खेती मिलने से प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
लगातार सामने आ रहे मामलों से यह आशंका भी जताई जा रही है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की खेती का कोई संगठित नेटवर्क सक्रिय हो सकता है। फिलहाल पुलिस और राजस्व विभाग की टीम पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।




