महासमुंद(जीतयादव)।थाना कोमाखान पुलिस ने अवैध रूप से महुआ परिवहन के मामले में कार्रवाई करते हुए एक ट्रक को जब्त किया है। पुलिस ने वाहन चालक को नोटिस जारी करते हुए ट्रक में लोड 16 टन महुआ जब्त किया, जिसकी कीमत लगभग 4 लाख रुपये बताई जा रही है।
कोमाखान पुलिस ने टेमरी नाका पर महुआ से भरा पकड़ा ट्रक और 24 लाख की संपत्ति जब्त की।
जानकारी के अनुसार 27 मार्च 2026 को टेमरी नाका में संदिग्ध वाहनों की जांच के दौरान खरियार रोड (उड़ीसा) की ओर से आ रहे अशोक लीलैंड ट्रक (CG-04 MT 0207) को रोका गया। पूछताछ में चालक ने अपना नाम किशन ठाकुर (20 वर्ष) निवासी सुवरमाल, थाना कोमाखान, जिला महासमुंद बताया। उसने बताया कि ट्रक में लोड महुआ को खरियार रोड से रायपुर ले जाया जा रहा था।

पुलिस ने ट्रक में लोड सामान के वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए चालक को धारा 94 बीएनएसएस के तहत नोटिस दिया, लेकिन चालक द्वारा कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं किया गया। इसके बाद पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में जूट बोरियों में भरे 16 टन महुआ को जब्त कर लिया।

कार्रवाई के दौरान परिवहन में प्रयुक्त अशोक लीलैंड ट्रक और वाहन की आरसी बुक भी जब्त की गई। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 24 लाख रुपये आंकी गई है। इस मामले में पुलिस ने धारा 106 बीएनएसएस के तहत इस्तगासा कायम कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।



