सरायपाली(जीतयादव)।अवैध महुआ शराब के निर्माण और अवैध शराब के बिक्री पर रोक लगाने के लिए महासमुंद पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और सरायपाली पुलिस की संयुक्त टीम ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 37 लीटर से अधिक अवैध शराब जब्त।
पुलिस को मिली सूचना के आधार पर भौरादादर मोड़ और ग्राम दर्राभाठा क्षेत्र में कार्रवाई की गई। इस दौरान थाना सरायपाली में दो अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए गए हैं। पहले मामले में पुलिस ने मनबोध चौहान (46 वर्ष) निवासी ग्राम आंवला चक्का (लक्ष्मीपुर) को गिरफ्तार किया। उसके पास से 1800 एमएल रोमियो देशी प्लेन शराब तथा 20 लीटर हाथ भट्टी निर्मित महुआ शराब बरामद की गई। जब्त शराब की कुल मात्रा 21 लीटर 800 एमएल और अनुमानित कीमत 4800 रुपये बताई गई है।

वहीं दूसरे मामले में पुलिस ने शैलेन्द्र दास (45 वर्ष) निवासी ग्राम बिजातिपाली को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से 16 लीटर हाथ भट्टी निर्मित महुआ शराब बरामद की गई, जिसकी कीमत करीब 3200 रुपये आंकी गई है।

दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि जिले में अवैध मादक पदार्थों और महुआ शराब के निर्माण, परिवहन तथा बिक्री पर रोक लगाने के लिए लगातार चेकिंग और विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जो आगे भी जारी रहेगा।



