बसना(जीतयादव)।थाना सांकरा क्षेत्र के ग्राम बिजेपुर के बीच जंगल में नहर किनारे चल रहे अवैध महुआ शराब के कारोबार पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में कच्ची शराब एवं शराब बनाने की सामग्री जब्त की है। यह कार्रवाई थाना सांकरा पुलिस एवं एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स की संयुक्त टीम द्वारा मुखबिर की सूचना पर की गई।
अवैध शराब नेटवर्क को बड़ा झटका, जंगल में चल रहा था कच्ची शराब का निर्माण कार्य।
पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर 150 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की। साथ ही अवैध शराब बनाने में उपयोग किए जा रहे पांच नग स्टील के गंजे भी जब्त किए गए। इसके अलावा मौके पर रखी 70 बोरियों में भरी महुआ लाहन, जिसका कुल वजन लगभग 2100 किलोग्राम था, उसे वहीं नष्ट किया गया। पुलिस के अनुसार इससे लगभग 2100 लीटर कच्ची महुआ शराब तैयार की जा सकती थी।

कार्रवाई के दौरान अवैध शराब निर्माण में संलिप्त पांच आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया गया। सभी आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
जप्त सामग्री
150 लीटर कच्ची महुआ शराब (कीमत लगभग 30,000 रुपये)
पांच नग स्टील गंजा (कीमत लगभग 2,000 रुपये)
कुल जप्ती मूल्य – लगभग 32,000 रुपये
गिरफ्तार आरोपी
मुकेश बाघ, पिता उजागर बाघ, उम्र 40 वर्ष
गुलाब बाघ, पिता शंकर लाल बाघ, उम्र 64 वर्ष
रोशन बाघ, पिता कीर्ति बाघ, उम्र 35 वर्ष
बृजेश बाघ, पिता अमर सिंह बाघ, उम्र 28 वर्ष
नरेंद्र बाघ, पिता जुगुत राम बाघ

सभी आरोपी ग्राम बिजेपुर, थाना सांकरा, जिला महासमुंद के निवासी हैं।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अवैध शराब के कारोबार पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और आगे भी इस तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध महुआ शराब के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।




