महासमुंद(जीतयादव)। खल्लारी पुलिस ने ग्राम बीकेबाहरा एवं आवराडबरी क्षेत्र में दबिश देकर हाथ भट्ठी से महुआ शराब बनाने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। जिले में अवैध गतिविधियों और नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए महासमुंद पुलिस द्वारा लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
अवैध महुआ शराब बनाने वालों पर सख्ती, जिले में अब तक 185 प्रकरणों में बड़ी जब्ती।
पुलिस को दिनांक 17 फरवरी 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम बीकेबाहरा के डामर प्लांट के पास बरगद पेड़ के नीचे दो व्यक्ति अवैध रूप से महुआ शराब बनाकर बिक्री हेतु ग्राहक तलाश कर रहे हैं। सूचना के आधार पर थाना स्टाफ द्वारा मौके पर घेराबंदी कर रेड कार्यवाही की गई।

रेड के दौरान एक आरोपी अर्जुन गोड़ के पास से 7 लीटर तथा दूसरे आरोपी उत्तम नेताम के पास से 4 लीटर हाथ भट्ठी से निर्मित कच्ची महुआ शराब बरामद की गई। कुल 11 लीटर अवैध महुआ शराब के साथ तीन नग टीन के बर्तन एवं अन्य सामग्री भी जब्त की गई।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने शराब निर्माण एवं बिक्री करना स्वीकार किया। पुलिस ने दोनों के विरुद्ध धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी
अर्जुन गोड़, पिता जगन्नाथ गोड़, उम्र 24 वर्ष, निवासी ग्राम बीकेबाहरा, थाना खल्लारी।
उत्तम नेताम, पिता सत्यनारायण नेताम, निवासी आवराडबरी, थाना खल्लारी।
जब्त सामग्री
हाथ भट्ठी महुआ शराब – 11 लीटर (कीमत लगभग ₹2200)
टीन के बर्तन – 3 नग (कीमत लगभग ₹2000)

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे इस विशेष अभियान के अंतर्गत जिले में अब तक 185 प्रकरणों में लगभग 3290 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त की जा चुकी है, जिसकी अनुमानित कीमत ₹8 लाख 32 हजार से अधिक बताई जा रही है। साथ ही 185 आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
महासमुंद पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि नशे के कारोबार से जुड़ी किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि जिले को नशामुक्त बनाने की दिशा में सख्त कदम उठाए जा सकें।



