महासमुंद(जीतयादव)।जिले में अवैध शराब की बिक्री और परिवहन पर रोक लगाने के लिए महासमुंद पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत विगत एक माह में पुलिस ने 148 व्यक्तियों के विरुद्ध आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए कुल 2170 लीटर अवैध शराब जब्त की है।
अवैध शराब के खिलाफ जिले के चार थाना क्षेत्रों में कार्रवाई, 6 मामलों में 6 आरोपी गिरफ्तार, शराब व बाइक जब्त।
इसी क्रम में थाना बागबाहरा, सरायपाली, पिथौरा एवं खल्लारी क्षेत्र में दर्ज 06 अलग-अलग प्रकरणों में कुल 128 लीटर अवैध महुआ एवं देशी प्लेन शराब, जिसकी अनुमानित कीमत 49 हजार 360 रुपये है, को जब्त किया गया।जानकारी के अनुसार,25 जनवरी 2026 को थाना पिथौरा में 20 लीटर महुआ शराब (कीमत 4,000 रुपये) के साथ एक आरोपी को पकड़ा गया। वहीं उसी दिन थाना खल्लारी क्षेत्र से 4.5 लीटर देशी प्लेन शराब (कीमत 2,000 रुपये) जब्त की गई।

26 जनवरी 2026 को थाना बागबाहरा में 67.140 लीटर देशी प्लेन शराब (कीमत 31,840 रुपये), थाना सरायपाली में 25 लीटर महुआ शराब (कीमत 5,000 रुपये) तथा थाना पिथौरा में दो अलग-अलग मामलों में कुल 12.240 लीटर देशी प्लेन शराब जब्त की गई।आरोपियों के विरुद्ध आबकारी एक्ट की धारा 34(1) एवं 34(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में घनश्याम ताण्डे, रिखीराम यादव, रामबली प्रसाद गुप्ता, यादराम जांगड़े, ओम टंडन एवं ललित राउत शामिल हैं।पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 45 लीटर हाथ भट्ठी महुआ शराब, 83.880 लीटर देशी प्लेन शराब एवं एक बिना नंबर की पल्सर मोटरसाइकिल (कीमत लगभग 70 हजार रुपये) भी जब्त की है।
पूरी कार्रवाई जिला महासमुंद पुलिस द्वारा की गई है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।




