महासमुंद(जीतयादव)।जिले में अवैध शराब की बिक्री और परिवहन करने वालों के खिलाफ महासमुंद पुलिस द्वारा लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में पुलिस ने बीते एक माह के भीतर 137 व्यक्तियों के विरुद्ध आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए कुल 2013 लीटर अवैध शराब जब्त की है।
अवैध शराब पर पिछले एक माह में 137 लोगों पर कार्रवाई की गई है।
इस अभियान के तहत थाना बलौदा और थाना सरायपाली में दो अलग-अलग मामलों में पुलिस ने कुल 85 लीटर अवैध महुआ शराब, जिसकी कीमत लगभग 17 हजार रुपये बताई जा रही है, जब्त की है।

पहला प्रकरण थाना बलौदा क्षेत्र का है, जहां दिनांक 23 जनवरी 2026 को अपराध क्रमांक 08/26, धारा 34(2) के तहत कार्रवाई करते हुए 65 लीटर महुआ शराब (कीमत 13 हजार रुपये) जब्त की गई। इस मामले में आरोपी मनोज साहू पिता रविचंद्र साहू उम्र 45 वर्ष, निवासी वार्ड नंबर 12 किसडी, थाना बलौदा को गिरफ्तार किया गया।

वहीं दूसरा प्रकरण थाना सरायपाली का है, जहां दिनांक 24 जनवरी 2026 को अपराध क्रमांक 27/26, धारा 34(2) के तहत 20 लीटर महुआ शराब (कीमत 4 हजार रुपये) जब्त की गई। इस मामले में आरोपी दुर्जन निषाद पिता शिकारी निषाद उम्र 28 वर्ष, निवासी महोदा, थाना सरायपाली को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस द्वारा दोनों मामलों में कुल 85 लीटर हाथ भट्ठी महुआ शराब जब्त की गई है। जिला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और ऐसे अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे इस तरह की गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।




