महासमुंद(जीतयादव)। जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। महासमुंद पुलिस के “शिकायत हेल्प डेस्क – संवाद” व्हाट्सएप नंबर 9479229939 पर मिली गुप्त सूचना के आधार पर बागबाहरा पुलिस ने दबिश देकर अवैध गैस रिफिलिंग करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
छापेमारी में गैस सिलेंडर, रिफिलिंग उपकरण और दो वाहन जब्त, 8.09 लाख की संपत्ति बरामद किया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घरेलू गैस सिलेंडरों की अवैध रिफिलिंग और कालाबाजारी की शिकायत मिलने के बाद पुलिस टीम ने बागबाहरा क्षेत्र के झलप चौक में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान राजकुमार पटेल (38 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया, जो घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की अवैध रिफिलिंग कर उन्हें बेचने का काम कर रहा था।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से कई घरेलू गैस सिलेंडर, गैस रिफिलिंग पाइप, इलेक्ट्रिक तौल मशीन और अन्य उपकरण बरामद किए। इसके अलावा मौके से वाहन भी जब्त किए गए। जब्त सामग्री में 7 खाली गैस सिलेंडर और रिफिलिंग उपकरण, एक इको वाहन और एक मारुति वैगनआर कार शामिल हैं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 8 लाख 9 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3 और 7 तथा बीएनएस की धारा 288 के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया है।

पुलिस अधीक्षक महासमुंद ने आम लोगों से अपील की है कि वे अपने मोबाइल में “संवाद” शिकायत हेल्प डेस्क व्हाट्सएप नंबर 9479229939 सेव करें और अपने आसपास होने वाली किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना इस नंबर पर दें। गुप्त सूचना देने के लिए विकल्प 1 और शिकायत दर्ज करने के लिए विकल्प 2 चुनना होगा। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले का नाम और पता पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा।




