पिथौरा(जीतयादव)।पिथौरा पुलिस ने अवैध रूप से डीजल की खरीदी-बिक्री करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 150 लीटर अवैध डीजल, डीजल नापने का सामान और एक वाहन सहित कुल 6 लाख 15 हजार 900 रुपये की संपत्ति जब्त की है।
150 लीटर डीजल व आयशर वाहन सहित 6.15 लाख की संपत्ति जब्त।
पुलिस के अनुसार 8 अप्रैल 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम मेमरा में एक किराना दुकान में अवैध रूप से डीजल का भंडारण कर बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर रेड कार्रवाई की। जांच के दौरान पाया गया कि आरोपी निर्मल यादव अपने सहयोगी खेमराज पटेल के साथ मिलकर बिना किसी सुरक्षा व्यवस्था के ज्वलनशील पदार्थ का अवैध भंडारण कर रहे थे। वहीं आयशर माजदा वाहन (क्रमांक CG 23 H 7776) का चालक गिरधर सिन्हा वाहन से डीजल निकालकर चोरी-छिपे बेच रहा था।
पुलिस ने मौके से 150 लीटर डीजल, पाइप, चांडी, टीन का लीटर मापक सहित अन्य सामान और आयशर माजदा वाहन जब्त किया। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 6,15,900 रुपये आंकी गई है।

इस मामले में पुलिस ने निर्मल यादव (32) पिता चमरू यादव, निवासी ग्राम मेमरा थाना पिथौरा जिला महासमुंद, खेमराज पटेल (20) पिता अमृत पटेल, निवासी ग्राम चिखली थाना पिथौरा जिला महासमुंद तथा गिरधर सिन्हा (35) पिता हीरासिंह सिन्हा, निवासी फुलकर्रा थाना फिंगेश्वर जिला गरियाबंद को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 287, 303(2), 317(2), 3(5) तथा आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3 और 7 के तहत थाना पिथौरा में अपराध क्रमांक 95/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।



