बसना (रूपानंद साव)। बसना ब्लॉक के कुरचुंडी नाला मार्ग में सोमवार सुबह अचानक एक विशाल अजगर सांप दिखाई देने से ग्रामीणों और किसानों में दहशत फैल गई। सुबह खेत की ओर जा रहे कुछ किसानों ने नाले के पास झाड़ियों के बीच इस अजगर को देखा, जिसके बाद उन्होंने तुरंत गांव के अन्य लोगों को सूचना दी।
बसना के कुरचुंडी नाला मार्ग पर दिखाई दिया विशाल अजगर, ग्रामीणों में दहशत किसानों से सतर्क रहने की अपील
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अजगर का आकार करीब 10 से 12 फीट लंबा था और वह धीरे-धीरे नाले की ओर बढ़ रहा था। सूचना मिलने पर ग्रामीणों ने सुरक्षित दूरी बनाकर वन विभाग को इसकी जानकारी दी। विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया और लोगों से सावधानी बरतने और समूह में खेतों की ओर जाने की अपील की।

ग्रामीणों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से इस इलाके में जंगली जानवरों की आवाजाही बढ़ गई है। कुरचुंडी नाला क्षेत्र में जंगली भालू, तेंदुआ, मधुमक्खियों के बड़े छत्ते और अजगर जैसे खतरनाक जीव-जंतु देखे जा चुके हैं। इससे खेतों और जंगल की सीमा पर रहने वाले किसानों में भय का माहौल है।

वन विभाग के अधिकारियों ने कहा कि मौसम में बदलाव और जंगल की हरियाली बढ़ने से वन्यजीव मानव बस्तियों की ओर भटक रहे हैं। ऐसे में किसानों को खेत जाते समय एक डंडा साथ रखने, झाड़ियों के पास सतर्कता से चलने और अकेले न जाने की सलाह दी गई है।गांव के सरपंच और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी ग्रामीणों से अपील की है कि यदि किसी प्रकार का जंगली जीव दिखाई दे तो खुद से कोई कार्रवाई न करें, तुरंत वन विभाग या पुलिस को सूचना दें।




