सरायपाली(जीतयादव)। हिंदू नव वर्ष के शुभ अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा सरायपाली के गुरूजी ध्यान केंद्र में भव्य उत्सव का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में नगर के विभिन्न स्थानों से स्वयंसेवकों और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।कार्यक्रम की शुरुआत प्रभात फेरी के साथ हुई। स्वयंसेवकों ने भगवा ध्वज के साथ नगर भ्रमण करते हुए हिंदू नव वर्ष के महत्व का संदेश दिया।
प्रभात फेरी, सभा और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ मनाया गया हिंदू नव वर्ष।
सभा को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता खीरसागर पटेल (जिला बौद्धिक प्रमुख) ने भारतीय संस्कृति, परंपरा और हिंदू नव वर्ष के ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि हिंदू नव वर्ष भारतीय सभ्यता और सांस्कृतिक मूल्यों का प्रतीक है, जो हमें अपनी जड़ों से जुड़े रहने और परंपराओं को आगे बढ़ाने की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम के दौरान युवाओं को समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही बच्चों और युवाओं द्वारा देशभक्ति और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं, जिसने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों को नव वर्ष की शुभकामनाएं दी गईं और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया। इस अवसर पर खंड संघचालक सुरेन्द्र सिंह उपोवेजा सहित नगर और खंड के अनेक स्वयंसेवक उपस्थित रहे।



