बसना(जीतयादव)।उड़ेला खंड के चिपरिकोना स्थित मंडल परिसर में हिंदू सम्मेलन का आयोजन श्रद्धा, उत्साह और अनुशासन के वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, समाज प्रमुख और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। आयोजन का उद्देश्य सामाजिक जागरूकता, सांस्कृतिक मूल्यों का संरक्षण तथा संगठनात्मक एकता को मजबूत करना बताया गया।
हिंदू सम्मेलन में सामाजिक समरसता और जीवन मूल्यों पर वक्ताओं ने रखे विचार।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता श्री संजय तिवारी (प्रांत प्रचार प्रमुख, छत्तीसगढ़) ने अपने संबोधन में संघ स्थापना की पृष्ठभूमि पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण में संगठित समाज की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और सामाजिक समरसता ही देश की शक्ति है।

मुख्य अतिथि श्री पुरुषोत्तम दीवान (सर्व आदिवासी समाज) ने हिंदू सम्मेलन में हिंदुत्व के सांस्कृतिक स्वरूप और परंपराओं की चर्चा करते हुए समाज में आपसी सहयोग और पहचान की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया।

विशिष्ट अतिथि श्रीमती अनिता चौधरी ने “पंच परिवर्तन” विषय पर अपने विचार रखते हुए जीवन मूल्यों, परिवार, पर्यावरण और सामाजिक जिम्मेदारियों पर जोर दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री विजेंद्र सिंह सिदार ने की। वहीं माननीय खंड संघ चालक श्री सत्यप्रकाश श्रीवास्तव की उपस्थिति ने आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की।

हिंदू सम्मेलन कार्यक्रम के सफल संचालन में प्रभारी प्रकाश सिदार, संतराम निषाद, लाहाराम कर्ष, मोहित नायक, गिरधारी नायक, ब्रह्म चौधरी, कृपाराम चौहान, मनीराम जगत, बीजाराभाठा सरपंच संतलाल नायक, रवि चौहान सहित अनेक कार्यकर्ताओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा। मंच संचालन परदेसी पटेल ने किया।समापन अवसर पर आयोजकों ने सभी अतिथियों और सहभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।



