देवरी : स्वच्छता पखवाड़ा के तहत शपथ एवं जागरूकता कार्यक्रम
देवरी । शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय देवरी में मंगलवार को स्वच्छता पखवाड़ा अंतर्गत शपथ ग्रहण एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर समस्त छात्र-छात्राओं और स्टाफ को स्वच्छता अपनाने की शपथ दिलाई गई।
प्राचार्य डोमन सिंह टंडन ने कहा कि हमें स्वयं, अपने विद्यालय, अपने गांव और अपने देश को स्वच्छ रखना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे अपनी दैनिक दिनचर्या में स्वच्छता को शामिल कर स्वस्थ जीवन की ओर कदम बढ़ाएं।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने पूरे विद्यालय परिसर में सफाई अभियान चलाया। साथ ही पोस्टर और स्लोगन प्रतियोगिता में भाग लेते हुए स्वच्छता के संदेश दिए। विद्यार्थियों ने नारे लगाए –
“स्वच्छता है अपनाना, बीमारी को है भगाना”,
“जहां स्वच्छता वहां समृद्धि”।
इस मौके पर व्याख्याता परस राम सिन्हा, नेशलाल धृतलहरे, संजय बारसागढ़े, कुलेश्वर सिंह ठाकुर, भोजराम ध्रुव, रवि प्रकाश पात्रे, आशीष कुमार दीवान सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।



