स्वास्थ्य संयोजक टीम ने मुख्य स्वास्थ्य एवं चिकित्सा अधिकारी डॉ. आई. नागेश्वर राव से मुलाकात कर लंबित भुगतान सहित समस्याओं से कराया अवगत
महासमुंद। आज स्वास्थ्य संयोजक टीम ने मुख्य स्वास्थ्य एवं चिकित्सा अधिकारी (CMHO) डॉ. आई. नागेश्वर राव से मुलाकात कर लंबित भुगतानों और कार्य संबंधी समस्याओं के समाधान की मांग की। टीम ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग के क्षेत्रीय कर्मचारियों को कई महीनों से भुगतान लंबित है, जिससे उन्हें आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
बैठक के दौरान संयोजकों ने अपनी समस्याओं का विस्तार से उल्लेख करते हुए कहा कि फील्ड में कार्यरत स्वास्थ्य कर्मी लगातार जनस्वास्थ्य सेवाओं को सुचारू रूप से संचालित कर रहे हैं, इसलिए उनके बकाया भुगतान और आवश्यक सुविधाओं का समय पर वितरण आवश्यक है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राव ने प्रतिनिधिमंडल की बातें ध्यानपूर्वक सुनीं और शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य कर्मियों की समस्याएं प्राथमिकता में हैं और विभाग स्तर पर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।
इस अवसर पर महासमुंद ब्लॉक से राजेन्द्र सिदार, एन कुमार रात्रे, मितलेश भोयर, कमल दास, शत्रुघ्न भारती, आदित्य गोस्वामी, हरीशंकर कन्नौजे, हीराधर बरीहा, रमन चंद्राकर और दौलत सोनी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
टीम ने उम्मीद जताई कि विभाग उनके मुद्दों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेगा।


