पिथौरा: स्वस्थ नारी–सशक्त परिवार अभियान के तहत स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित
पिथौरा। स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वस्थ नारी–सशक्त परिवार अभियान के अंतर्गत 17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2025 तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में विकासखण्ड पिथौरा के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पिथौरा, आयुष्मान आरोग्य मंदिर, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पिथौरा तथा आयुष्मान आरोग्य मंदिर उपस्वास्थ्य केन्द्र पिथौरा अंतर्गत पीवीटीजी ग्राम भिथिडीह और सोनासिल्ली में सोमवार को स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया।
कैंप में 45 महिलाओं और 25 पुरुषों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इसमें खून की जांच, सिकल सेल, ब्लड प्रेशर, शुगर, एनीमिया, टीबी, मुख कैंसर, स्तन और ग्रीवा कैंसर की जांच शामिल रही। इसके अलावा महिलाओं और किशोरियों का टीकाकरण भी किया गया।
डॉक्टरों ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य गर्भवती महिलाओं, किशोरियों और उम्रदराज महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है। शिविर में महिलाओं को सलाह दी गई कि नियमित स्वास्थ्य जांच कराएं, बीपी, शुगर व एनीमिया जैसी बीमारियों को नजरअंदाज न करें और आवश्यकतानुसार उपचार कराएं।
चिकित्सकों ने यह भी समझाया कि महिला का स्वस्थ रहना पूरे परिवार की भलाई के लिए जरूरी है। अगर महिलाएं स्वस्थ रहेंगी, तो वे परिवार की देखभाल, खान-पान और स्वच्छता पर बेहतर ध्यान दे सकेंगी। परिवार में स्वस्थ वातावरण निर्मित होने से समाज और राष्ट्र दोनों ही विकास की ओर अग्रसर होंगे।



