बसना। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बसना में शनिवार को स्वस्थ नारी–सशक्त परिवार अभियान के अंतर्गत प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान का आयोजन किया गया। यह विशेष शिविर 24, 25 और 26 सितंबर को लगातार तीन दिनों तक चला, जिसमें बड़ी संख्या में गर्भवती महिलाओं ने हिस्सा लिया।
स्वास्थ्य केंद्र जांच शिविर में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को लेकर दी गई आवश्यक जानकारी।
शिविर के दौरान कुल 606 महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच और परामर्श किया गया। इनमें से 381 गर्भवती माताएं, 120 हाई रिस्क श्रेणी की महिलाएं और 105 अन्य महिलाएं शामिल थीं। सभी का स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. अभिलाषा गौतम द्वारा सोनोग्राफी कर जांच की गई।

बीएमओ डॉ. नारायण साहू ने जानकारी दी कि इस निशुल्क शिविर में पंजीकृत सभी गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित प्रसव के लिए जरूरी जांच एवं परामर्श प्रदान किया गया। डॉक्टरों और कर्मचारियों ने गर्भवती महिलाओं को संतुलित आहार, समय पर जांच कराने संबंधी सावधानियों के बारे में विस्तार से बताया।

अभियान का उद्देश्य हर गर्भवती महिला को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना और प्रसव के दौरान होने वाली संभावित जटिलताओं से बचाव करना है। सामुदायिक केंद्र में अब तक 600 से अधिक महिलाओं को प्रसव पूर्व जांच का लाभ दिया जा चुका है।

ग्रामीण महिलाओं ने भी इस अभियान की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविरों से उन्हें नजदीक में ही बेहतर सुविधा मिल रही है और सुरक्षित प्रसव के प्रति जागरूकता बढ़ रही है।



