बसना। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत चल रहे स्वच्छता पखवाड़ा के तहत शासकीय उच्च प्राथमिक शाला साई सरायपाली में सोमवार को हाथ धुलाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधान पाठक श्री लोकेश्वर वर्गे, शिक्षक श्री वीरेंद्र कुमार चौधरी और श्री दिलीप कुमार पटेल ने बच्चों को स्वच्छता का महत्व समझाया और सही तरीके से हाथ धोने की प्रक्रिया बताई।
शिक्षकों ने कहा कि स्वच्छता से ही स्वास्थ्य सुरक्षित रह सकता है और नियमित रूप से हाथ धोने से अनेक बीमारियों से बचाव संभव है। उन्होंने बच्चों को समझाया कि भोजन करने से पहले और बाद में, शौचालय के उपयोग के बाद तथा बाहर से लौटने के बाद हाथ अवश्य धोना चाहिए।
बच्चों ने शिक्षकों के साथ मिलकर साबुन से हाथ धोने का अभ्यास किया और संकल्प लिया कि वे स्वच्छता को अपनी आदत बनाएंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
इस अवसर पर विद्यालय परिसर में स्वच्छता रैली भी निकाली गई और विद्यार्थियों ने नारे लगाकर लोगों को साफ-सफाई के लिए जागरूक किया। शिक्षकों ने कहा कि यदि बच्चे बचपन से स्वच्छता की आदत डालेंगे तो समाज में स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण का निर्माण होगा।



