बसना। संकुल केंद्र बसना अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला गढ़पटनी, जिला महासमुंद (छत्तीसगढ़) में अध्दवार्षिक परीक्षा का शुभारंभ दिनांक 6 जनवरी 2026 को सुव्यवस्थित, अनुशासित एवं शांतिपूर्ण वातावरण में किया गया। परीक्षा के सफल संचालन हेतु विद्यालय स्तर पर पूर्व से ही सभी आवश्यक तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई थीं, जिससे विद्यार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
अध्दवार्षिक परीक्षा को लेकर विद्यालय में पूर्व तैयारियाँ, शांतिपूर्ण एवं अनुशासित माहौल में परीक्षा संपन्न
परीक्षा प्रारंभ होने से पूर्व विद्यालय परिसर की साफ-सफाई कर कक्षाओं को विधिवत परीक्षा कक्ष के रूप में तैयार किया गया। विद्यार्थियों को समय प्रबंधन, अनुशासन एवं परीक्षा संबंधी नियमों की जानकारी दी गई। नकलमुक्त परीक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शिक्षकों की विशेष ड्यूटी लगाई गई, जिससे पूरी पारदर्शिता के साथ परीक्षा संपन्न हो सके।

विद्यालय के प्रधान पाठक श्री सरविन्द सिदार एवं शिक्षक श्री लगन नाग ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें बिना किसी तनाव के आत्मविश्वास के साथ परीक्षा देने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि अध्दवार्षिक परीक्षा विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर के मूल्यांकन का एक महत्वपूर्ण माध्यम है, जिससे उनकी कमजोरियों को पहचानकर आगे की पढ़ाई में सुधार किया जा सकता है।
परीक्षा के प्रथम दिवस विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। सभी छात्र-छात्राएँ समय पर परीक्षा केंद्र पहुँचे और निर्धारित समयावधि में प्रश्नपत्र हल किया। शिक्षकों द्वारा परीक्षा संचालन के दौरान अनुशासन एवं नियमों का पूर्ण पालन किया गया।

विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) के सदस्यों एवं अभिभावकों ने विद्यालय द्वारा की गई व्यवस्थाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि नियमित मूल्यांकन से बच्चों की पढ़ाई में निरंतरता बनी रहती है तथा शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार होता है।
इस प्रकार शासकीय प्राथमिक शाला गढ़पटनी में अध्दवार्षिक परीक्षा का शुभारंभ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। विद्यालय परिवार ने परीक्षा के सुचारू आयोजन में सहयोग देने वाले सभी शिक्षकों, कर्मचारियों एवं अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



