बसना । रविवार को ग्राम गढ़फूलझर स्थित गुरुद्वारा भवन में प्रथम सिख गुरु, धर्म प्रचारक और मानवता के प्रतीक गुरु नानक देव जी की जयंती बड़ी ही श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस पावन अवसर पर क्षेत्र के अनेक श्रद्धालु एकत्र हुए और गुरु के उपदेशों का स्मरण करते हुए भक्ति एवं सेवा भाव से कार्यक्रम में सहभागी बने। इस दौरान विशेष कीर्तन, अरदास और लंगर का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत सदस्य मोक्ष कुमार प्रधान उपस्थित रहे। उन्होंने गुरुद्वारा पहुंचकर मत्था टेका और गुरु नानक देव जी के चरणों में श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी ने समाज में समानता, सत्य, करुणा और भाईचारे का संदेश दिया था, जो आज भी उतना ही प्रासंगिक है। उनकी शिक्षाएं हमें न केवल सादगी और सेवा का मार्ग दिखाती हैं, बल्कि मानवता की सच्ची भावना को आत्मसात करने की प्रेरणा भी देती हैं।
मोक्ष कुमार प्रधान ने आगे कहा कि गुरु नानक देव जी ने अपने जीवन में जात-पात और भेदभाव का विरोध करते हुए “सबका मालिक एक” का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि यदि हम सभी उनके उपदेशों को अपने जीवन में अपनाएं, तो समाज में प्रेम, शांति और सौहार्द का वातावरण स्थापित होगा।

इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना करते हुए गुरु नानक जयंती की शुभकामनाएँ दीं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, ग्रामवासी, सामाजिक कार्यकर्ता और गुरुद्वारा प्रबंधन समिति के सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन सामूहिक प्रार्थना और लंगर वितरण के साथ हुआ, जिसमें सभी ने मिलकर गुरु नानक देव जी के प्रति अपनी श्रद्धा और भक्ति भाव व्यक्त किया।




