बसना(जीतयादव)। एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स (ANTF) और थाना बसना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गुजरात के दो तस्करों को अवैध गांजा परिवहन करते गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 22.890 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत 11 लाख 44 हजार रुपये बताई जा रही है।
ईको कार से हो रहा था गांजा परिवहन, 18.54 लाख रुपये की संपत्ति जब्त।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 22 मार्च 2026 को वाहन चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस ने नाकाबंदी कर सामने से आ रही सफेद रंग की ईको कार (GJ 06 HL 3815) को रोका। वाहन की तलाशी लेने पर कार में सवार दो व्यक्तियों के पास से दो अलग-अलग थैलों में रखा कुल 22.890 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।

पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम विजय सोलंकी (44 वर्ष), निवासी विशाल नगर, जिला सूरत (गुजरात) और रमेश खेराड़ा (43 वर्ष), निवासी सीताराम चौक, जिला भावनगर (गुजरात) बताया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा के साथ-साथ परिवहन में प्रयुक्त ईको कार और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।

जप्त संपत्ति में 22.890 किलोग्राम गांजा (कीमत 11,44,500 रुपये), ईको कार (कीमत लगभग 7 लाख रुपये) और दो मोबाइल फोन (कीमत करीब 10 हजार रुपये) शामिल हैं। इस प्रकार कुल 18 लाख 54 हजार 500 रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पूरी कार्रवाई थाना बसना पुलिस द्वारा की गई।




