बसना(जीतयादव)।प्रदेश में चल रही धान खरीदी व्यवस्था को लेकर किसानों की समस्याएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। वर्तमान में निर्धारित धान खरीदी की प्रतिदिन की लिमिट के कारण किसान समय पर अपना धान बेच नहीं पा रहे हैं, जिससे उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

जिला पंचायत सदस्य एवं कांग्रेस के सक्रिय नेता मोक्ष कुमार प्रधान ने राज्य की भाजपा सरकार से मांग की है कि धान खरीदी की प्रतिदिन की लिमिट बढ़ाकर अलिमिटेड की जाए, ताकि किसानों का धान समय पर और बिना किसी परेशानी के खरीदा जा सके।

किसानों की धान खरीदी सीमा बढ़ाने की मांग को लेकर मोक्ष प्रधान ने सरकार को घेरा।
मोक्ष प्रधान ने कहा कि लिमिट कम होने के कारण खरीदी केंद्रों में अव्यवस्था की स्थिति बनी हुई है। किसानों को बार-बार टोकन और तौल के लिए केंद्रों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, जिससे समय और संसाधनों की बर्बादी हो रही है। उन्होंने इसे किसानों के साथ अन्याय करार दिया।

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार ने जल्द ही धान खरीदी की लिमिट बढ़ाने का निर्णय नहीं लिया, तो हजारों किसान अपने हक से वंचित रह जाएंगे। सरकार को किसानों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए तत्काल ठोस कदम उठाने चाहिए।




