महासमुंद : शासकीय बालक प्राथमिक शाला तुमगांव में ‘साबुन बैंक’ की शुरुआत
महासमुंद। शासकीय बालक प्राथमिक शाला-तुमगांव में स्वच्छता और स्वास्थ्य जीवनशैली की आदत विकसित करने के उद्देश्य से ‘साबुन बैंक’ की स्थापना की गई। इस पहल का नेतृत्व विद्यालय के शिक्षक जितेंद्र कुमार साहू ने किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था प्रमुख संगीता रात्रे ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि बच्चों में स्वच्छता की आदत डालना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है और इस दिशा में शिक्षक साहू के प्रयास सराहनीय हैं। साबुन बैंक के माध्यम से बच्चों को नियमित हाथ धोने की आदत डालने, संक्रमण से बचाव तथा स्वच्छता के महत्व को समझाने का प्रयास किया जा रहा है।
इस कार्य में विद्यालय के शिक्षक, पालक, विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) के सदस्य और विद्यार्थी उत्साहपूर्वक जुड़े। सभी ने स्वेच्छा से साबुन का दान कर सहयोग दिया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार ने संकल्प लिया कि स्वच्छता को केवल विद्यालय तक सीमित न रखकर समाज में भी जागरूकता के रूप में फैलाया जाएगा।
इस मौके पर शिक्षक जितेंद्र कुमार साहू ने कहा कि “साबुन बैंक केवल एक संग्रहण स्थान नहीं, बल्कि बच्चों में स्वच्छ आदतों का संस्कार देने का माध्यम है। स्वच्छता ही स्वस्थ जीवन की नींव है और इस दिशा में सभी का सहयोग सराहनीय है। यह पहल बच्चों के बीच स्वच्छता एवं स्वास्थ्य संबंधी व्यवहार में सकारात्मक परिवर्तन लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।”
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से संस्था प्रमुख संगीता रात्रे, शिक्षक जितेंद्र कुमार साहू, शिक्षादान शिक्षक प्रभा कोसले, विमला बांधे, ममता विश्वकर्मा, कुसमा कुर्रे, रेवती पटेल, लुकेश्वरी धीवर और भागबती यादव उपस्थित रहे।



