सरायपाली(जीतयादव)।गायत्री शक्तिपीठ सरायपाली में 12 जनवरी को युवा प्रेरणास्रोत स्वामी विवेकानंद जयंती को युवा चेतना दिवस के रूप में श्रद्धा, उत्साह और ऊर्जा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन युवा प्रकोष्ठ गायत्री परिवार सरायपाली द्वारा किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं, बुद्धिजीवियों एवं गायत्री परिजनों की सहभागिता रही।

कार्यक्रम की शुरुआत आदि शक्ति मां गायत्री एवं स्वामी विवेकानंद जी के पूजन-वंदन से हुई। इस अवसर पर वक्ताओं ने स्वामी विवेकानंद के जीवन दर्शन, राष्ट्रभक्ति, आत्मबल और चरित्र निर्माण पर ओजस्वी और प्रेरणादायी विचार प्रस्तुत किए।
डॉ. वीरेंद्र कर ने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि “भारत माता की जय केवल नारा नहीं, बल्कि स्वामी विवेकानंद के विचारों को जीवन में उतारकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देना ही सच्ची देशभक्ति है।” उनके ओजपूर्ण गीत ने युवाओं में नया जोश भर दिया।

फुलझर डिफेंस एकेडमी सरायपाली के डायरेक्टर फौजी धर्मेंद्र चौधरी ने युवाओं को सेना के माध्यम से मां भारती की सेवा के लिए प्रेरित किया। वहीं नवोदय विद्यालय सरायपाली से डॉ. अनिल गुप्ता ने स्वामी विवेकानंद के जीवन के प्रेरक प्रसंगों को साझा कर युवाओं को आत्मविश्वास से भर दिया।

डॉ. सब्या चौधरी ने “उठो, जागो और लक्ष्य प्राप्ति तक मत रुको” के संदेश को रेखांकित करते हुए शिकागो विश्व धर्म सम्मेलन में स्वामी विवेकानंद द्वारा भारतीय संस्कृति और वेदांत के ऐतिहासिक उद्घोष को याद किया।
गायत्री शक्तिपीठ सरायपाली में युवाओं ने लिया चरित्र निर्माण और सेवा का संकल्प लिया गया।
आचार्य आशीष गौरचरण मिश्र ने वेद मंत्रोच्चारण के साथ कहा कि आज आवश्यकता है शिक्षा और समाज निर्माण को सही दिशा देने की, जैसा स्वामी विवेकानंद और पं. श्रीराम शर्मा आचार्य जी ने किया।
डॉ. अनिल प्रधान ने स्वामी विवेकानंद को एक जागृत आह्वान बताया, जबकि डॉ. अनीता चौधरी ने शिकागो भाषण के उन ऐतिहासिक शब्दों का उल्लेख किया, जिसने दुनिया की भारत के प्रति सोच को आमूलचूल बदल दिया। युवा वक्ता देवराज प्रधान ने 100 कर्मयोगी युवाओं की अवधारणा को आज के समय में प्रासंगिक बताया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा, गायत्री शक्तिपीठ परिजन एवं कॉलेज छात्राएं उपस्थित रहीं। आयोजन को सफल बनाने में कई कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका रही। कार्यक्रम के अंत में वरिष्ठ परिजन सालिकराम चौधरी का जन्मदिवस संस्कार दीपयज्ञ के माध्यम से मनाया गया।उक्त जानकारी मीडिया प्रभारी दुर्वादल दीप प्रधान पाठक द्वारा दी गई।



