बसना(रूपानंद साव)। बसना थाना क्षेत्र में इन दिनों अजीबो गरीब लेकिन गंभीर चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं। क्षेत्र में खाली गैस सिलेंडर चोरी करने वाला गिरोह सक्रिय हो गया है, जो सूने घरों में घुसकर बेखौफ तरीके से चोरी को अंजाम दे रहा है। यह स्थिति अब आम लोगों के लिए चिंता और खतरे का कारण बनती जा रही है।

जानकारी के अनुसार जनपद पंचायत बसना मार्ग, आदर्श नगर, बंसुला डीपा और अरेकेल डीपा जैसे इलाकों में सिलेंडर चोर अत्यंत सक्रिय हो गए हैं। हैरानी की बात यह है कि चोरों को पहले से यह जानकारी रहती है कि किस घर के किस कोने में खाली सिलेंडर रखा है, जिससे इलाके में रेकी नेटवर्क के सक्रिय होने की आशंका गहराती जा रही है।
स्कूटी से आते हैं चोर, पलक झपकते हो जाते हैं फरार
स्थानीय लोगों के अनुसार चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले दो चोर स्कूटी पर आते हैं। एक बाहर स्कूटी लेकर तैयार रहता है, जबकि दूसरा घर के अंदर घुसकर सीढ़ी के नीचे रखे खाली गैस सिलेंडर उठाकर ले भागता है। यह सब कुछ इतनी सहजता से होता है कि देखने वालों को लगता है मानो सिलेंडर घरवालों ने ही सौंपा हो।
फेरीवालों की आड़ में हो रही रेकी
हाल के दिनों में गांव-गांव और मोहल्लों में ताला-चाबी, कंबल-बेडशीट, साड़ी, कुकर, गैस चूल्हा रिपेयरिंग, साउंड बॉक्स, इलेक्ट्रिक हीटर आदि बेचने वाले फेरीवालों की संख्या अचानक बढ़ी है। आशंका जताई जा रही है कि बाहरी राज्यों से आए कुछ संदिग्ध लोग सामान बेचने की आड़ में घरों की रेकी कर रहे हैं और बाद में जानकारी अपने गिरोह को दे रहे हैं।
दिनभर घर से बाहर काम पर जाने वाले पुरुषों की अनुपस्थिति में महिला प्रधान परिवार विशेष रूप से इनके निशाने पर हैं। तेज आवाज में माइक लगाकर गली-मोहल्लों में घूमते फेरीवाले घर के रास्ते, दरवाजे और खिड़कियों की जानकारी जुटा लेते हैं।
लालच बना खतरा, ठगी के भी बढ़े मामले
स्थानीय लोगों का कहना है कि सस्ते सामान और झूठे प्रलोभन में आकर कई परिवार फेरीवालों से डुप्लीकेट और नकली सामान खरीद लेते हैं। कहीं पावर बैंक में मिट्टी और सेल भरकर ठगी, तो कहीं घटिया इलेक्ट्रॉनिक सामान थमाया जा रहा है। बाद में ठगी का अहसास होने पर केवल पछतावा ही बचता है।
CCTV में कैद चोर, पहचान अब तक नहीं
बीते 9–10 जनवरी को जनपद पंचायत बसना मार्ग स्थित एक प्रतिष्ठित ज्वेलर्स के घर से तथा आदर्श नगर वार्ड 14, बंसुला डीपा वार्ड 12 और अरेकेल वार्ड 16 में दिनदहाड़े चोरी की घटनाएं हुईं। चोर CCTV कैमरों में कैद हुए हैं, लेकिन बाहरी राज्य के होने और अंजान चेहरों के कारण अब तक पहचान नहीं हो सकी है।
पुलिस को दी गई सूचना, जनसहयोग की अपील
बसना पुलिस को मामले की जानकारी दे दी गई है। पुलिस द्वारा समय-समय पर जागरूकता अभियान चलाकर लोगों से सतर्क रहने और स्थानीय पंजीकृत दुकानों से ही खरीदारी करने की अपील की जाती रही है।
साथ ही नागरिकों से अनुरोध किया गया है कि किरायेदारों की पूरी जानकारी फोटो सहित पुलिस चौकी/थाने में जरूर दें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
विशेष अपील
घर में अकेली रहने वाली महिलाओं, बुजुर्गों और युवतियों से अपील है कि
अपरिचित फेरीवालों से दूरी बनाएं
अनजान लोगों को घर के अंदर प्रवेश न दें
संदिग्ध गतिविधि दिखे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें
सतर्कता ही सुरक्षा है, क्योंकि
“अब पछताए क्या होत है, जब चिड़िया चुग गई खेत।”






