गढ़पटनी प्राथमिक शाला में बीईओ जोल्हे सर सहित अधिकारियों ने किया आकस्मिक निरीक्षण
बसना। दिनांक 15 अक्टूबर 2025 को शासकीय प्राथमिक शाला गढ़पटनी में ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (बी.ई.ओ.) श्री बद्री विशाल जोल्हे, विकासखंड स्रोत समन्वयक (बी.आर.सी.सी.) श्री अनिल सिंह साव, एवं सहायक ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (ए.बी.ओ.) श्री लोकेश्वर कंवर द्वारा आकस्मिक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विद्यालय के शिक्षण कार्य, अनुशासन व्यवस्था, विद्यार्थियों की उपस्थिति, मध्यान्ह भोजन व्यवस्था एवं विद्यालय परिसर की स्वच्छता की बारीकी से समीक्षा की।
बच्चों ने आत्मविश्वास के साथ प्रश्नों के उत्तर दिए, जिससे अधिकारियों ने उनकी पढ़ाई के स्तर की खुलकर प्रशंसा की। बी.आर.सी.सी. श्री अनिल साव ने कहा कि विद्यालय में शिक्षण का स्तर अत्यंत उत्कृष्ट है तथा शिक्षकगण अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन कर रहे हैं।
मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता देखकर अधिकारीगण संतुष्ट दिखे। विद्यालय परिसर स्वच्छ, सुव्यवस्थित एवं शिक्षण के अनुकूल वातावरण से परिपूर्ण नजर आया।
प्रधान पाठक श्री सरविन्द सिदार ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ से स्वागत किया और विद्यालय की गतिविधियों, विद्यार्थियों की उपलब्धियों एवं समुदाय की सहभागिता की जानकारी दी। अधिकारियों ने विद्यालय की प्रगति की सराहना करते हुए इसे अन्य विद्यालयों के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
अंत में अधिकारियों ने शिक्षक लगन नाग, खीरवंती भोई सहित सभी शिक्षकों और विद्यार्थियों को निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएँ दीं। निरीक्षण कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण और उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।



