बसना(जीतयादव)।गणतंत्र यात्रा के ऐतिहासिक समापन अवसर पर छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता भूपेश बघेल का आगमन जिला पंचायत सदस्य मोक्ष कुमार प्रधान के निवास पर हुआ। इस दौरान पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला। बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, पदाधिकारी और स्थानीय नागरिक उनकी एक झलक पाने और स्वागत के लिए उपस्थित रहे।
गणतंत्र यात्रा का पारंपरिक रीति से हुआ स्वागत, राधा-कृष्ण प्रतिमा भेंट कर व्यक्त की सांस्कृतिक आस्था।
मोक्ष कुमार प्रधान एवं उनके परिवार ने पारंपरिक रीति-रिवाज़ों के साथ अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया। इस खास मौके पर उन्होंने लकड़ी पर सुंदर नक्काशी से निर्मित राधा-कृष्ण की प्रतिमा भेंट कर सांस्कृतिक आस्था और सम्मान व्यक्त किया।

अपने संबोधन में भूपेश बघेल ने कहा कि गणतंत्र यात्रा का उद्देश्य लोकतंत्र, संविधान और जनहित की रक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता महंगाई, बेरोज़गारी और अन्य जनसमस्याओं को लेकर सजग है और अपने अधिकारों के लिए एकजुट हो रही है।

कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जबरदस्त जोश, अनुशासन और संगठनात्मक एकता देखने को मिली। बघेल के आगमन ने कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार किया, जिससे संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूती मिलने की बात कही गई।
इस अवसर पर जिला, ब्लॉक और मंडल स्तर के कई कांग्रेस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। आयोजन को क्षेत्रीय राजनीति में एक महत्वपूर्ण और संदेशपूर्ण कार्यक्रम के रूप में देखा जा रहा है।



