महासमुंद(जीतयादव)। कार में छिपाकर ले जाए जा रहे 200 किलो गांजा के साथ पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत महासमुंद पुलिस ने कोमाखान थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए यह सफलता हासिल की।
ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा था गांजा, एनएच-353 टेमरी नाका पर नाकाबंदी कर पुलिस ने पकड़ा।
पुलिस को सूचना मिली थी कि ओडिशा की ओर से एक सफेद रंग की डिजायर कार में अवैध मादक पदार्थ गांजा ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने एनएच-353 स्थित टेमरी नाका पर नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका। तलाशी लेने पर कार की पिछली सीट और डिक्की में रखी 8 सफेद प्लास्टिक बोरियों में गांजा बरामद हुआ।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गांजा मलकानगिरी (ओडिशा) से लाकर उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 200 किलो (2 क्विंटल) गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ रुपये है, जब्त किया। इसके अलावा तस्करी में प्रयुक्त सफेद रंग की डिजायर कार (क्रमांक JH 01 FZ 4071) जिसकी कीमत करीब 8 लाख रुपये है, तथा दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। जब्त संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत 1 करोड़ 8 लाख 20 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस ने इस मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी:
- युवराज नायक (19 वर्ष), निवासी प्रतापपुर, पोस्ट दहगांव, थाना दिव्यापुर, जिला औरेया (उत्तर प्रदेश)
- केशव दयाल (22 वर्ष), निवासी किशनपुर, पोस्ट नान्देमउ, थाना सौरिक, जिला कन्नौज (उत्तर प्रदेश)
- राहुल अग्निहोत्री (37 वर्ष), निवासी बधौना, थाना किसनी, जिला मैनपुरी (उत्तर प्रदेश)
पुलिस के अनुसार जिले में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।



