सरायपाली(जीतयादव)। एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और थाना सिंघोड़ा पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ गांजा की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी और एक अपचारी बालक को पकड़ा है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 7 किलोग्राम गांजा, एक बिना नंबर की KTM मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन जब्त किया है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 4 लाख 30 हजार रुपये बताई जा रही है।
सिंघोड़ा में पुलिस ने 7 किलो गांजा के साथ एक आरोपी और एक अपचारी बालक को पकड़ा।
पुलिस के अनुसार, जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान सूचना मिली कि उड़ीसा की ओर से एक बिना नंबर की KTM मोटरसाइकिल में दो व्यक्ति गांजा लेकर आ रहे हैं।
सूचना पर पुलिस टीम ने एनएच-53 स्थित रेहटीखोल के पास नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। कुछ समय बाद संदिग्ध बाइक को रोककर पूछताछ की गई। तलाशी लेने पर बाइक की सीट के बीच रखे बैग से 7 किलो अवैध गांजा बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे गांजा को उड़ीसा के कंटामाल क्षेत्र से जबलपुर (मध्यप्रदेश) ले जा रहे थे। पुलिस ने आरोपी पारस लोधी (18 वर्ष) निवासी जबलपुर, मध्यप्रदेश को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक अपचारी बालक के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की गई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 7 किलो गांजा (कीमत 3.50 लाख रुपये), बिना नंबर की KTM मोटरसाइकिल (75 हजार रुपये) और एक मोबाइल फोन (5 हजार रुपये) जब्त किया है।मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। यह पूरी कार्रवाई एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और थाना सिंघोड़ा पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई।



