रायपुर(जीतयादव)। वंदे भारत एक्सप्रेस के एसी-2 कोच में गांजा तस्करी का मामला सामने आया है। संयुक्त कार्रवाई में एनसीबी (NCB) और आरपीएफ (RPF) की टीम ने दो युवतियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नीलम राठौर और रीना वर्मा, निवासी तिफरा (बिलासपुर) के रूप में हुई है।
ट्रॉली बैग में छिपाकर ला रही थीं 24 किलो गांजा, NCB और RPF की संयुक्त कार्रवाई।
जानकारी के अनुसार दोनों युवतियां विशाखापट्टनम से रायपुर की ओर वंदे भारत एक्सप्रेस में सफर कर रही थीं। इस दौरान सुरक्षा एजेंसियों को संदेह होने पर उनके सामान की जांच की गई। तलाशी के दौरान उनके ट्रॉली बैग से करीब 24 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी बाजार कीमत लगभग 3 से 4 लाख रुपये बताई जा रही है।

बताया जा रहा है कि आरोपियों ने गांजे को ट्रॉली बैग में इस तरह छिपाकर रखा था कि वह सामान्य सामान जैसा दिखाई दे। लेकिन NCB और RPF की सतर्कता के चलते तस्करी का भंडाफोड़ हो गया।गांजा बरामद होने के बाद दोनों युवतियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस तस्करी के पीछे कोई बड़ा गिरोह तो सक्रिय नहीं है। मामले में आगे की जांच जारी है।




