महासमुंद(जीतयादव)।“सर्प मित्र” की आड़ में गांजा तस्करी का बड़ा खुलासा किया गया है। “नशामुक्त महासमुंद” के लक्ष्य के तहत महासमुंद पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) एवं जिला पुलिस महासमुंद ने ऑपरेशन “निश्चय” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 520 किलोग्राम अवैध गांजा जब्त किया है। इस मामले में कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
सर्प मित्र की आड़ में गांजा तस्करी! 5 लाख फॉलोवर्स वाला यूट्यूबर निकला मुख्य सरगना।
पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि गांजा परिवहन नेटवर्क का मुख्य सरगना आकाश जाधव सोशल मीडिया पर खुद को “Sarp Mitra” (सर्प मित्र) के रूप में प्रचारित करता था। उसके YouTube चैनल पर 5 लाख से अधिक फॉलोवर्स हैं, जहां वह स्नेक रेस्क्यू से जुड़े वीडियो डालता था। लेकिन पुलिस के अनुसार इसी “सर्प मित्र” की आड़ में वह ओडिशा से महाराष्ट्र तक गांजा तस्करी का संगठित नेटवर्क भी चला रहा था।

यह प्रकरण थाना कोमाखान में दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में पुणे (महाराष्ट्र) का मुख्य खरीददार रामदास चंदू सोनवाने भी शामिल है, जिसका पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड है। जांच में यह भी सामने आया है कि उसके दोनों बेटे भी इस अवैध कारोबार में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे।

पुलिस के मुताबिक आकाश जाधव पिछले छह माह से फरार था और बीते एक वर्ष में छह बार ट्रांसपोर्टिंग में शामिल रहा है। पुलिस ने उसकी लगभग ₹1.5 करोड़ की संपत्ति तथा रामदास सोनवाने की करीब ₹4 करोड़ की संपत्ति चिन्हांकित की है, जिसे SAFEMA के तहत अटैच करने की प्रक्रिया जारी है।
ओडिशा के कालाहांडी जिले से सप्लाई करने वाले मुख्य आरोपी रंजन दुर्गा को भी गिरफ्तार किया गया है।अनुमानित बाजार कीमत करीब ₹2 करोड़ 60 लाख बताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।




