महासमुंद में गांजा तस्करी का पर्दाफाश, 9 किलो गांजा के साथ 2 तस्कर गिरफ्तार
महासमुंद। कोमाखान पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा की तस्करी कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 9 किलो गांजा जब्त किया गया है, जिसकी कीमत लगभग 1 लाख 35 हजार रुपए आंकी गई है। इसके साथ ही एक स्कूटी और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
मुखबिर की सूचना पर नाका चेकिंग
पुलिस के मुताबिक, थाना कोमाखान क्षेत्र में मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति एक स्कूटी में गांजा लेकर ओडिशा से महासमुंद की ओर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और कोमाखान पुलिस की टीम ने नर्रा नाका में वाहनों की चेकिंग शुरू की। इसी दौरान ओडिशा की ओर से आ रही सुजुकी स्कूटी (क्रमांक CG 04 QG 9867) को रोका गया।
गांजा की खेप बरामद
स्कूटी में सवार दोनों व्यक्तियों से जब पुलिस ने पूछताछ की तो वे गोलमोल जवाब देने लगे। संदेह के आधार पर वाहन की तलाशी ली गई। स्कूटी के सामने प्लास्टिक की बोरी में रखा 9 किलो अवैध गांजा बरामद हुआ। आरोपियों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वे यह गांजा ओडिशा से लाकर रायपुर में बेचने जा रहे थे।
आरोपी और उनकी पहचान
गांजा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार है—
रमेश बाघ (20 वर्ष) निवासी सिनापाली, ओडिशा (हाल पता: भांठागांव, रावतपुरा फेस नंबर 1, थाना टिकरापारा, रायपुर)।
देवेन्द्र जगत (30 वर्ष) निवासी वार्ड क्रमांक 34, जगन्नाथ नगर, पंडरी, थाना सिविल लाइन, रायपुर।
दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
पुलिस की सख्त कार्रवाई
एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और महासमुंद पुलिस ने साफ किया है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जाएगा। पुलिस का कहना है कि किसी भी तरह की नशीले पदार्थों की तस्करी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।



