सांकरा(जीतयादव)। नशे के विरुद्ध संचालित “ऑपरेशन निश्चय” के अंतर्गत एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स (ANTF) और थाना सांकरा पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। गांजा तस्करी करते हुए पुलिस स्टाफ को कुचलने का प्रयास करने वाले दोनों फरार आरोपियों को मध्यप्रदेश से गिरफ्तार कर लिया गया है। इसके साथ ही गांजा परिवहन में प्रयुक्त वाहन के स्वामी को भी गिरफ्तार किया गया है।
गांजा तस्करी के दौरान पुलिस वाहन को टक्कर मारकर भागे थे आरोपी मध्यप्रदेश से गिरफ्तार।
घटना 23 जनवरी 2026 की है, जब थाना सांकरा पुलिस को मारुति सुजुकी इको कार (क्रमांक MP05 ZE 8685) से गांजा तस्करी की गोपनीय सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर नेशनल हाईवे पर पुलिस स्टाफ तैनात किया गया। संदिग्ध वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन आरोपियों ने वाहन नहीं रोका और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी को कुचलने की कोशिश की। पुलिस की सतर्कता से जवान बाल-बाल बच गया, लेकिन आरोपियों ने स्टाफ की गाड़ी को कई बार टक्कर मारी, जिससे पुलिस वाहन में आग लग गई और वह बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

आरोपी मौके पर इको कार छोड़कर फरार हो गए थे। बाद में वाहन की तलाशी में 39.680 किलोग्राम गांजा, जिसकी कीमत करीब 19 लाख 84 हजार रुपए, बरामद किया गया। साथ ही परिवहन में प्रयुक्त कार (कीमत लगभग 8 लाख रुपए) भी जब्त की गई।

टेक्निकल विश्लेषण, डाटा एनालिसिस और सूक्ष्म जांच के आधार पर पुलिस टीम ने दोनों फरार आरोपियों को मध्यप्रदेश से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में राकेश चौकसे (32 वर्ष), निवासी पनागर, जिला नरसिंहपुर और मोनू राय (34 वर्ष), निवासी पिपरिया, जिला होशंगाबाद शामिल हैं। मोनू राय वाहन का मालिक और फॉरवर्ड लिंक बताया गया है, जिसका पहले से आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक ANTF द्वारा 30 मामलों में 2152 किलो से अधिक गांजा व नशीली दवाएं जब्त की जा चुकी हैं, जिनकी कुल कीमत 10 करोड़ रुपए से अधिक है। पुलिस का कहना है कि नशे के नेटवर्क को तोड़ने के लिए एंड टू एंड इन्वेस्टिगेशन लगातार जारी रहेगा।




