महासमुंद(जीतयादव)।कोमाखान पुलिस और एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए कंटेनर वाहन से गांजा तस्करी कर रहे दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 12.300 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया है, जिसकी कीमत करीब 6 लाख 15 हजार रुपये बताई जा रही है।
12.300 किलो गांजा बरामद, 26.20 लाख की संपत्ति जब्त।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 21 मार्च 2026 को एनएच-353 पर वाहन चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि उड़ीसा से छत्तीसगढ़ की ओर एक कत्था रंग का कंटेनर वाहन (HR 56 C 2387)आ रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने संदिग्ध कंटेनर को रोककर जांच की।

जांच के दौरान वाहन चालक ने अपना नाम बाबूलाल (40 वर्ष), निवासी जिला मथुरा (उत्तरप्रदेश) और साथ बैठे युवक ने रविन्द्र ठाकुर (19 वर्ष), निवासी जिला आगरा (उत्तरप्रदेश) बताया। वाहन की तलाशी लेने पर कंटेनर के केबिन में रखे बैंगनी रंग के बैग से 6 पैकेट में पैक 12.300 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे उड़ीसा से गांजा लेकर हरियाणा में बिक्री के लिए ले जा रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा के अलावा कंटेनर वाहन, दो मोबाइल फोन और 1000 रुपये नगद भी जब्त किए हैं।जप्त संपत्ति में 12.300 किलोग्राम गांजा (कीमत 6.15 लाख रुपये), कंटेनर वाहन (कीमत लगभग 20 लाख रुपये), दो मोबाइल फोन और नगद राशि शामिल है। इस प्रकार कुल 26 लाख 20 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B)(II) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। यह पूरी कार्रवाई कोमाखान पुलिस और एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स की संयुक्त टीम द्वारा की गई।
पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक 57 प्रकरणों में 3122.500 किलोग्राम गांजा जब्त किया जा चुका है, जिसकी कीमत करीब 15 करोड़ 56 लाख 83 हजार रुपये आंकी गई है। इस दौरान 149 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें 44 छत्तीसगढ़ और 105 अन्य राज्यों के आरोपी शामिल हैं।



