बसना(जीतयादव)। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन निश्चय के तहत महासमुंद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बसना थाना क्षेत्र में गांजा तस्करी का बड़ा मामला पकड़ा है। पुलिस ने मुवर्स एंड पैकर्स कंपनी के नाम पर घरेलू सामान की आड़ में गांजा की तस्करी करते एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मुवर्स एंड पैकर्स के नाम पर घरेलू सामान की आड़ में हो रही थी गांजा तस्करी, करोड़ों की सामग्री जब्त।
पुलिस के अनुसार बोलेरो पिकअप वाहन में घरेलू सामान के बीच छिपाकर 454.890 किलो (करीब 4 क्विंटल 54 किलो) गांजा परिवहन किया जा रहा था। सूचना मिलने पर बसना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वाहन को रोककर तलाशी ली, जिसमें भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। इस मामले में अपराध क्रमांक 153/26 दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
![]()
गिरफ्तार आरोपी की पहचान इमरान (37 वर्ष), पिता लूकमान, निवासी वार्ड नंबर 2, जगपति गली के पास, देव कॉलोनी, पिलानी, जिला झुंझुनू (राजस्थान) के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 454.890 किलो गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 2 करोड़ 27 लाख 44 हजार 500 रुपये है, जब्त किया है। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल बोलेरो पिकअप (क्रमांक TS 08 UH 8606) जिसकी कीमत करीब 8 लाख रुपये आंकी गई है, को भी जब्त किया गया है।

जांच में यह भी सामने आया कि गांजा को छिपाने के लिए घरेलू सामान जैसे जुपिटर स्कूटर, इलेक्ट्रॉनिक्स सामग्री, बैग, ट्रॉली और फर्नीचर सहित कुल 38 सामान वाहन में रखे गए थे, जिनकी कीमत करीब 2.5 लाख रुपये बताई गई है। साथ ही आरोपी के पास से दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार इस कार्रवाई में कुल 2 करोड़ 38 लाख 4 हजार 500 रुपये की सामग्री जब्त की गई है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।



