पिथौरा। ग्राम अंशुला में आयोजित श्रीश्री 108 एकादश कुंडीय श्रीमन महा गणेश महायज्ञ का समापन 5 नवंबर को बड़े ही भव्य और धार्मिक वातावरण में हुआ। समापन दिवस पर कथा वाचन, विशाल हवन और महाभंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित किया। पूरे क्षेत्र में इस आयोजन ने भक्ति, आस्था और एकता का अनुपम संदेश दिया।
मुख्य अतिथि के रूप में शामिल विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने कहा कि यह आयोजन पूरे क्षेत्र में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार करने वाला रहा। उन्होंने बताया कि यज्ञ में बड़ी संख्या में संत-महात्मा, साधु-संत और धर्मप्रेमी जन पधारे थे, जिन्होंने यज्ञ की गरिमा और धार्मिकता को और अधिक ऊंचा किया। डॉ. अग्रवाल ने कहा, “इस आयोजन के दौरान पूरे क्षेत्र में कुंभ जैसा माहौल था। यह महायज्ञ न केवल धार्मिक परंपराओं का पोषण करता है, बल्कि समाज में एकता और सद्भाव का संदेश भी देता है।”
समापन के दिन 100 से अधिक यज्ञ कुंडों में श्रद्धालुओं ने हवन-पूजन कर आहुतियां अर्पित कीं। धार्मिक मंत्रोच्चार और वैदिक विधियों से वातावरण गूंज उठा। इसके बाद आयोजित महाभंडारे में श्रद्धालुओं को खीर, पूरी और अन्य स्वादिष्ट व्यंजनों का प्रसाद वितरित किया गया।
डॉ. अग्रवाल ने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के धार्मिक अनुष्ठान समाज में सकारात्मक ऊर्जा और संस्कारों को बढ़ावा देते हैं। कार्यक्रम के सफल आयोजन में ग्राम अंशुला के सभी ग्रामीणों और स्वयंसेवकों का विशेष योगदान रहा।




