महासमुंद(जीतयादव)।महासमुंद पुलिस द्वारा जुआरियों एवं जुआ सट्टा खईवालों के विरुद्ध एक के बाद एक प्रभावी कार्रवाई की गई, जिसमें कुल 6 जुआरी और 2 सट्टा खईवाल को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधीक्षक महासमुंद के निर्देशन में जिले में अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने हेतु लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
जुआ-सट्टा खईवालों से सिटी कोतवाली पुलिस ने नकदी, मोबाइल और सट्टा सामग्री जब्त किया।
सट्टा खईवाल आरोपी मनहरण ध्रुव, निवासी वार्ड नंबर 19 बढ़ईपारा महासमुंद के कब्जे से एक डॉट पेन, तीन नग सट्टा पट्टी जिसमें 2410 रुपये का हिसाब लिखा हुआ, नगद 4280 रुपये एवं एक सैमसंग मोबाइल फोन कीमती लगभग 2000 रुपये, कुल जुमला 6280 रुपये जब्त कर उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।

इसी प्रकार दूसरे प्रकरण में आरोपी सुखदेव आवड़े, निवासी वार्ड नंबर 12 पिटियाझर महासमुंद के पास से एक डॉट पेन, एक सट्टा पट्टी (510 रुपये), नगद 810 रुपये तथा एक रेडमी मोबाइल फोन कीमती 3000 रुपये, कुल 4320 रुपये जब्त कर अपराध क्रमांक 69/2026 धारा 6 छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।

टामकी तालाब के किनारे सजे जुआ फड़ पर दबिश देकर छह आरोपियों – अजय कहार, तुषार मक्कड़, नीलकंठ साह, उमेश कुमार ढीमर, विक्की मक्कड़ एवं राजू यादव को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के पास से 77,500 रुपये नकद एवं 52 पत्ती ताश जब्त की गई।
पुलिस द्वारा सभी आरोपियों के विरुद्ध विधिवत कानूनी कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया गया है। महासमुंद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु अवैध गतिविधियों में लिप्त व्यक्तियों के खिलाफ आगे भी सख्त और निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी।



