महासमुंद। रायपुर रोड स्थित बालाजी होटल में बुधवार देर रात पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए डेढ़ दर्जन जुआरियों को मौके से गिरफ्तार किया। पुलिस ने फड़ से 7 लाख 63 हजार रुपए नकद, 19 मोबाइल फोन, 1 कार और 9 मोटरसाइकिलें जब्त कीं। जुआरियों में पार्षद पति जसमीत सिंह उर्फ बादल मक्कड़ समेत कई व्यापारी शामिल बताए गए हैं। वहीं होटल संचालक फरार है।

सूचना मिलने पर एएसपी प्रतिभा पांडे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने रात 1.30 बजे होटल की घेराबंदी की और एक कमरे में दबिश दी। पुलिस को देखते ही जुआरियों में भगदड़ मच गई, लेकिन टीम ने सभी को पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान होटल के अन्य कमरों की तलाशी ली गई, परंतु वहां कोई संदिग्ध गतिविधि नहीं मिली।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ धारा 3(2), 5 जुआ अधिनियम और 111, 112 अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपियों में नीरज चंद्राकर, कृष्ण कुमार साहू, राहुल जैन, तुषार चौहान, जितेंद्र कुकरेजा, रणवीर सिंह, रिंकू जैन, रवि माहेश्वरी, अभिषेक जैन, मेहुल सूचक, शशांक जैन, आनंद कामदार, कुणाल चंद्राकर, करण चौपड़ा, हितेश चौहान, जसमीत सिंह उर्फ बादल मक्कड़, विपिन चंद्राकर और राजेश पोपट शामिल हैं।
एएसपी पांडे ने बताया कि जुआरियों से बरामद रकम और सामान जब्त कर लिया गया है तथा होटल संचालक की तलाश में विशेष टीम गठित की गई है। बताया गया कि बालाजी होटल पूर्व में भी संदिग्ध गतिविधियों के कारण सुर्खियों में रहा है।



