बसना(जीतयादव)। गणतंत्र यात्रा के समापन अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल विधायक श्रीमती चातुरी नंद के नेतृत्व में चनाट पहुंचे। उनके आगमन से पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला। बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, पदाधिकारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। सभी ने गर्मजोशी से पुष्पमालाओं और नारों के साथ उनका स्वागत किया।
इस अवसर पर खल्लारी विधायक द्वारकाधीश यादव, पूर्व विधायक देवेंद्र बहादुर सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम स्थल पर कार्यकर्ताओं की भीड़, जोश और अनुशासन ने संगठन की मजबूती का स्पष्ट संदेश दिया।
संविधान और लोकतंत्र का संदेश
सरायपाली विधायक श्रीमती चातुरी नंद ने अपने संबोधन में कहा कि गणतंत्र यात्रा का उद्देश्य संविधान के मूल्यों, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय के संदेश को जन-जन तक पहुँचाना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं की सक्रियता और एकजुटता की सराहना करते हुए कहा कि यही संगठन की असली ताकत है।

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि जनता से सीधा संवाद ही लोकतंत्र को मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा संविधान, किसानों, युवाओं और आम जनता के अधिकारों के लिए संघर्ष करती रही है और आगे भी करती रहेगी।
सीडी कांड और एसआईआर पर बयान
मीडिया से चर्चा के दौरान सीडी कांड के सवाल पर भूपेश बघेल ने कहा कि पहले उन्हें डिस्चार्ज किया गया था, लेकिन अब सेशन कोर्ट ने लोवर कोर्ट का फैसला पलट दिया है। उन्होंने कहा कि इस फैसले को हाईकोर्ट में चुनौती दी जाएगी।
एसआईआर (मतदाता सूची पुनरीक्षण) को लेकर उन्होंने आरोप लगाया कि हर विधानसभा में बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम काटे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि नामों में छोटी-छोटी त्रुटियों के आधार पर मतदाता सूची से नाम हटाए जा रहे हैं, जो चिंताजनक है।
धान खरीदी पर सरकार से मांग
धान खरीदी के मुद्दे पर पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार को खरीदी की समय सीमा बढ़ानी चाहिए। लिमिट कम होने की वजह से कई किसान धान नहीं बेच पा रहे हैं और कई किसानों को एक बार भी टोकन नहीं मिल पाया है। उन्होंने किसानों की परेशानी को देखते हुए सरकार से तत्काल निर्णय लेने की मांग की।
कार्यकर्ताओं का सम्मान और आभार
समापन अवसर पर चनाट क्षेत्र के मंडल अध्यक्ष पदलोचन पटेल, विधायक प्रतिनिधि रमेश पटेल, कोषाध्यक्ष कन्हैया चौधरी, पुरन बरिहा, विजय कुमार भोई, सक्रिय कार्यकर्ता नितेश पटेल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने पूर्व मुख्यमंत्री और विधायक का सम्मान किया।
कार्यक्रम के अंत में खल्लारी विधायक द्वारकाधीश यादव ने सभी अतिथियों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।पूरे आयोजन में जोश, अनुशासन और संगठनात्मक एकता साफ दिखाई दी, जिसने गणतंत्र यात्रा के समापन को यादगार बना दिया।






