पिथौरा(जीतयादव)। जिले में पहली बार आयोजित की जा रही पिथौरा फुटबॉल प्रीमियर लीग (पीएफएल) का शुभारंभ 29 दिसंबर को शहीद भगत सिंह खेल मैदान, पिथौरा में भव्य रूप से किया गया। तीन दिवसीय इस जिला स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य जिले की स्थानीय फुटबॉल प्रतिभाओं को एक संगठित, प्रतिस्पर्धात्मक एवं गुणवत्तापूर्ण मंच प्रदान करना है। खेल गतिविधियों के लिए अपनी विशेष पहचान रखने वाले पिथौरा नगर में खेल जगत का एक नया और ऐतिहासिक अध्याय जुड़ गया है।
अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ उद्घाटन
उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पंचायत अध्यक्ष देवेश निषाद उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पंचायत उपाध्यक्ष वीरेंद्र तिवारी ने की। विशिष्ट अतिथियों में सांसद प्रतिनिधि मनमीत छाबड़ा (रिक्की), वरिष्ठ पार्षद मन्नूलाल ठाकुर, संदीप सेन, पुष्पकांत पटेल, वरिष्ठ खिलाड़ी एवं शिक्षक सुधीर प्रधान, विनोद सिन्हा, अनूप टांडी एवं दीपक सिन्हा मंचासीन रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल को अनुशासन, एकता और भविष्य निर्माण का सशक्त माध्यम बताया।
चार टीमों में बंटे 60 अंडर-19 खिलाड़ी
पीएफएल 2025 में जिलेभर से चयनित कुल 60 अंडर-19 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। खिलाड़ियों को रेड, ग्रीन, ब्ल्यू एवं येलो नामक चार टीमों में विभाजित किया गया है। प्रतियोगिता का आयोजन लीग प्रारूप में किया जा रहा है, जिससे दर्शकों को लगातार रोमांचक एवं उच्च स्तरीय फुटबॉल मुकाबले देखने को मिलेंगे। प्रतियोगिता को लेकर युवाओं एवं खेल प्रेमियों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
अनुभवी प्रशिक्षकों का मार्गदर्शन
प्रतियोगिता में मेंटोर एवं प्रशिक्षक के रूप में राजेश साहू, नारायण गबेल, गौरी शंकर पटेल एवं योगेश सोनवानी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उनके मार्गदर्शन से खिलाड़ियों को तकनीकी दक्षता, खेल भावना एवं टीमवर्क का प्रशिक्षण मिल रहा है।
आयोजन में जनप्रतिनिधियों व खेल संघ का सक्रिय सहयोग
आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता को सफल बनाने में आयोजक पार्षद कौशल दास मानिकपुरी की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उनके मार्गदर्शन, समन्वय एवं सक्रिय सहभागिता से आयोजन सुचारू रूप से संचालित हो रहा है। साथ ही खेल संघ के सदस्यों, जनप्रतिनिधियों, खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों का भी सराहनीय सहयोग मिल रहा है।
फुटबॉल विकास की दिशा में मील का पत्थर
आयोजकों का मानना है कि पिथौरा फुटबॉल प्रीमियर लीग के माध्यम से क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों को नई पहचान मिलेगी तथा पिथौरा में खेल संस्कृति को और अधिक मजबूती प्राप्त होगी। यह आयोजन आने वाले समय में जिले में फुटबॉल के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा।






