बसना। दिनांक 18 अक्टूबर 2025, शनिवार को शासकीय प्राथमिक शाला करनापाली, विकासखंड बसना, जिला महासमुंद में बैगलेस डे दिवस के अवसर पर एफ.एल.एन. (Fundamental Literacy and Numeracy) उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय में विविध शैक्षणिक एवं रचनात्मक गतिविधियाँ संचालित की गईं।

कार्यक्रम की शुरुआत बालवाड़ी एवं पहली कक्षा के बच्चों द्वारा रंगोली निर्माण से हुई। वहीं दूसरी से पाँचवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों को छह टीमों में विभाजित कर एफ.एल.एन. से संबंधित विषयों पर रंगोली बनाने का कार्य दिया गया। बच्चों ने हिंदी वर्णमाला, अंग्रेजी वर्णमाला, संख्याएँ और गणितीय संक्रियाओं को रचनात्मक रंगोली के माध्यम से प्रस्तुत किया, जिससे पूरे परिसर का वातावरण शिक्षामय और उत्साहपूर्ण बन गया।

कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि विद्यालय के भूतपूर्व छात्र — जो वर्तमान में एकलव्य और नवोदय विद्यालयों में अध्ययनरत हैं — विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित हुए और नन्हे विद्यार्थियों को पुरस्कार वितरित किए। उन्होंने स्वयं भी एफ.एल.एन. थीम पर मिट्टी के दीये और सजावटी वस्तुओं के साथ रंगोली तैयार कर सभी का मन मोह लिया।
इस अवसर पर उल्लास कार्यक्रम के अंतर्गत नवसाक्षर पालक बंधुओं को प्रमाण पत्र जनप्रतिनिधियों द्वारा प्रदान किए गए। साक्षरता प्रमाणपत्र प्राप्त कर सभी पालक अत्यंत प्रसन्न दिखे और विद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया।

प्रधान पाठक गिरधारी साहू ने बच्चों की रचनात्मकता की प्रशंसा करते हुए कहा कि नई शिक्षा नीति के तहत ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों के बहुमुखी विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। शिक्षा वीरेंद्र कर एवं शिक्षिका निर्मला नायक ने भी पूरे आयोजन का सफल संचालन किया।
ग्रामीण जनों ने विद्यालय परिवार के इस प्रयास की सराहना की और कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में न केवल सीखने की ललक बढ़ाते हैं, बल्कि समाज में शिक्षा के महत्व को भी उजागर करते हैं।



