बाल दिवस पर गढ़पटनी शासकीय प्राथमिक शाला में एफ.एल.एन. मेले का भव्य आयोजन
बसना।बाल दिवस के उपलक्ष्य में शासकीय प्राथमिक शाला गढ़पटनी में एफ. एल.एन. (‘Foundational Literacy & Numeracy‘)मेले का भव्य आयोजन किया गया। इस मेले का मुख्य उद्देश्य बच्चों की सीखने-सिखाने की प्रक्रिया को अधिक रोचक, प्रेरक और व्यावहारिक बनाना था। कार्यक्रम में बच्चों ने अपनी रचनात्मकता, प्रतिभा और सामूहिक प्रयासों का सुंदर प्रदर्शन किया।
मेले में कक्षा पहली से तीसरी तक के विद्यार्थियों ने भाषा, गणित और पर्यावरण विषयों से संबंधित विभिन्न टी.एल.एम. (शैक्षणिक सामग्री) तैयार की। बच्चों द्वारा बनाई गई जोड़ मशीन, फ्लैश कार्ड, गणितीय आकृतियाँ, पर्यावरण मॉडल, अक्षर व संख्या पहचान चार्ट, पहेलियाँ, बोर्ड गेम और पठन-पाठन सामग्री सभी के आकर्षण का केंद्र रहे। बच्चों की इन कलाकृतियों में उनकी कल्पनाशीलता और सीखने का उत्साह स्पष्ट दिखाई दिया।
शिक्षकों ने बच्चों को आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया, जिससे विद्यार्थियों में समूह कार्य, समस्या समाधान, प्रस्तुतीकरण कौशल और सहयोग की भावना विकसित हुई। मेले का अवलोकन करने पहुँचे एस.एम.सी. (स्कूल प्रबंधन समिति) के सदस्यों ने बच्चों की तैयारियों की सराहना करते हुए विद्यालय के प्रयास को अत्यंत प्रशंसनीय बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन से बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ता है और शिक्षा को व्यवहारिक रूप मिलता है।

कार्यक्रम में उपस्थित अभिभावकों ने भी बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा देखकर खुशी व्यक्त की। सभी ने माना कि एप एल.एन. मेला बच्चों की सीखने की क्षमता को नई दिशा देने में प्रभावी सिद्ध हुआ है।
अंत में प्रधानपाठक सरविन्द सिदार तथा शिक्षक लगन नाग व खीरवंती भोई ने सभी प्रतिभागी छात्रों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि विद्यालय में आगे भी इसी प्रकार के नवाचारपूर्ण शैक्षिक कार्यक्रम आयोजित होते रहेंगे। कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ और बच्चों के चेहरे खुशी से दमकते रहे।




