बसना । बिलासपुर जिले के मस्तूरी क्षेत्र में कांग्रेस नेता एवं जनपद उपाध्यक्ष के कार्यालय में अज्ञात हमलावरों द्वारा की गई गोलीबारी की घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए जिला पंचायत सदस्य मोक्ष प्रधान ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
प्रधान ने कहा कि छत्तीसगढ़ में अपराध का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है और अब कोई भी व्यक्ति—चाहे आम नागरिक हो या जनप्रतिनिधि—खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार राज्य में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है।
उन्होंने कहा, “घटना को कई घंटे बीत चुके हैं, लेकिन मुख्यमंत्री और गृहमंत्री की ओर से अब तक कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और सरकार की संवेदनहीनता को दर्शाता है।”
मोक्ष कुमार प्रधान ने मांग की कि गोलीबारी की इस घटना में शामिल दोषियों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए और प्रदेशभर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
मोक्ष प्रधान ने आगे कहा —
“यह केवल एक कांग्रेस नेता पर हमला नहीं है, बल्कि लोकतंत्र पर हमला है। अगर ऐसी घटनाओं पर सरकार मौन रहती है तो जनता का भरोसा शासन और व्यवस्था दोनों से उठ जाएगा।”



