रायपुर बेबीलोन होटल में अचानक लगी आग, 47 लोग सुरक्षित रेस्क्यू
रायपुर। राजधानी रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र स्थित बेबीलोन होटल में मंगलवार रात करीब 9 बजे अचानक आग लग गई। आग लगने से लिफ्ट बंद हो गई और कई लोग ऊपरी मंज़िलों पर फंस गए। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर लगभग 47 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार, आग होटल की पहली मंज़िल में केबल में शॉर्ट-सर्किट से लगी और धीरे-धीरे सातवें फ्लोर तक पहुंच गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी और कलेक्टर भी मौके पर पहुंचे। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने बताया कि नीचे लगी आग तेजी से ऊपर तक फैल गई, जिससे पूरे टावर में धुआं भर गया और लोगों को सांस लेने में दिक्कत होने लगी।
टावर 7 मंज़िला है और टॉप फ्लोर पर स्थित रेस्टोरेंट में भी कई लोग मौजूद थे। समय रहते सभी को सुरक्षित निकाल लिया गया। फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पा लिया है। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।



